डीडीएन इनपुट डेस्क | रामानंद सागर कृत रामायण 33 साल बाद फिर से दूरदर्शन पर प्रसारित हो रहा है। इसमें काम करने वाले एक-एक अभिनेता को आज ढूंढ़ा जा रहा है। इन दिनों जिस अभिनेता पर सबसे ज्यादा मीम्स बनाए जा रहे हैं, उनमें प्रमुख रूप से असलम खान शामिल हैं। चौंकाने वाली बात है कि जो अभिनेता सालों पहले इंडस्ट्री छोड़कर गांव लौट गया था, आज लोग उसी को सबसे ज्यादा ढूंढ़ रहे हैं। असलम खान ने रामायण में साधु, सेवक, देवता, राक्षस, वानर समेत कई रोल निभाए थे। हर रोल में उनकी एक्टिंग का परफेक्शन इतना कमाल था कि दर्शक अंतर नहीं कर पाते थे। कभी वो किसी राजपाठ वाले सीन में मंत्री के किरदार में नजर आए थे तो कभी वो समुद्र देव की वेषभूषा में नजर आते। यहां तक कि कुछ दृश्यों में राम का किरदार निभा रहे अरुण गोविल के बॉडीडबल का किरदार भी असलम निभा चुके हैं। रामायण के बाद असलम को इंडस्ट्री में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। उन्हें काम नहीं मिला, जिसके चलते 18 साल पहले अपने घर झांसी वापस लौट गए थे। असलम खान ने हाल ही में खुद पर बने मीम्स को लेकर इंटरव्यू भी दिया है। उन्होंने कहा, उन्हें यकीन नहीं हो रहा है कि आज उन्हें लोग इतना पसंद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रामायण में काम करने से पहले वह अकाउंटेंट थे, लेकिन अभिनय में उनका रुझान था। इसी दौरान उन्हें विक्रम बेताल में काम मिला। इसके बाद वो रामानंद सागर के रामायण में काम करने लगे।
इंडस्ट्री में काम न मिलने पर 18 साल पहले घर लौट गए थे रामायण में सबसे ज्यादा किरदार निभाने वाले असलम खान