डीडीएन रिपोर्टर | डिंडौरी/अमरपुर
होली पर्व के मद्देनजर शनिवार को अमरपुर पुलिस चौकी में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें DSP विजय गोठरिया ने शांति समिति के सदस्यों को पुलिस विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि SP संजय सिंह के निर्देशानुसार धुलेंडी से रंगपंचमी तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों और टैंट की स्थापना पर प्रतिबंध रहेगा। होलिका दहन प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर ही किया जाएगा। बिजली के तार के नीचे, घनी बसाहट वाले स्थान, सड़क के किनारे या घर-दुकानों के आसपास आग नहीं जलाई जाएगी। होली के दौरान जबरन चंदा वसूली, सार्वजनिक रास्ता रोकना, आम नागरिकों को परेशान करना, किसी की मर्जी के बिना रंग-गुलाल लगाना नियम के विरुद्ध माना जाएगा। बैठक में नायब तहसीलदार नीलम श्रीवास ने भी समिति के सदस्यों को प्रशासन की गाइडलाइंस से अवगत कराया। इस मौके पर पुलिस चौकी प्रभारी मनोज त्रिपाठी सहित शांति समिति के सदस्य अरुण पटेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अमरपुर अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत सरपंच अंजूलता वनवासी, भाजपा मंडल महामंत्री माखन साहू, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष शुभांशु चंद्रौल, जीएस ठाकुर, यूसुफ खान, कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष शाहिद तुर्क, संजय मिश्रा, तीरथ मूलचंदानी आदि मौजूद रहे।