- कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में 20 जुलाई को कलेक्टर रत्नाकर झा को सीएम चौहान के नाम ज्ञापन सौंपेगा संयुक्त मोर्चा
डिंडौरी जिले में विभिन्न विभागों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए शनिवार को अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चे की जिला स्तरीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस संबंध में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ शिक्षक आरजी तिवारी को संरक्षक और आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. संतोष शुक्ला को जिलाध्यक्ष चुना गया। वरिष्ठ शिक्षक रवि तेकाम को मोर्चा संयोजक, गिरवर सिंह तेकाम को कार्यकारी अध्यक्ष, यशवंत यादव को सचिव और संतोष मिश्रा को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। मोर्चा संयोजक रवि तेकाम ने बताया कि कर्मचारियों की लंबित मांगों के समर्थन में 20 जुलाई को कलेक्टर रत्नाकर झा को सीएम शिवराज सिंह चौहान के नाम संयुक्त मोर्चा ज्ञापन सौंपेगा। इसमें पुरानी पेंशन योजना बहाली, पेंडिंग इंक्रीमेंट, पदोन्नति लाभ सहित अन्य जरूरी मांगें उठाई जाएंगी।