PRIDE OF DINDORI | पुलिसिंग में बेहतर सेवाओं के लिए बिछिया पुलिस चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्रिपाठी को मिला 'केंद्रीय गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पदक', गौरवांवित हुआ जिला

  • आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले के किसी पुलिसकर्मी को पहली बार हासिल हुआ पदक, 2018 में हुई थी शुरुआत



डीडीएन रिपोर्टर | डिंडौरी/शहपुरा

डिंडौरी जिले की बिछिया पुलिस चौकी इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार त्रिपाठी को पुलिसिंग में बेहतर सेवाओं के लिए 'केंद्रीय गृहमंत्री अन्वेषण उत्कृष्टता पदक' प्रदान किया गया है। यह पदक उनकी कार्यप्रणाली को लेकर हुए गुप्त सर्वे के आधार पर मिला है। सब-इंस्पेक्टर मनोज त्रिपाठी साल 2018 में मेहंदवानी थाने में चौकी इंचार्ज के रूप में पदस्थ थे। उस समय एक नाबालिक के साथ गैंगरेप के बाद जघन्य हत्या का प्रकरण सामने आया था। वारदात को अज्ञात आरोपियों ने अंजाम दिया था, जिसमें SI मनोज ने सूझबूझ से जांच-पड़ताल कर महज 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की निष्पक्ष और त्वरित कार्यवाही के कारण कोर्ट ने आरोपियों को फांसी की सजा सुनाई थी। इसी तरह अन्य कई प्रकरणों में SI मनोज की अगुवाई में पुलिस टीम ने कई उत्कृष्ट कार्य किए, जिनके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर का सम्मान हासिल हुआ। इस उपलब्धि पर डिंडौरी SP संजय सिंह, SDOP रविप्रकाश कोल सहित तमाम पुलिस बल ने प्रसन्नता जताई और SI मनोज को शुभकामनाएं दीं। SI मनोज ने इस उपलब्धि में बिछिया चौकी स्टाफ सहित जिला पुलिस बल को शामिल करते हुए सहयोग और मार्गदर्शन के लिए दिली आभार जताया। यह पहला मौका है, जब आदिवासी बाहुल्य डिंडौरी जिले के किसी पुलिसकर्मी को पदक हासिल हुआ है। 




केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तीन चरणों में विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से कराया गुप्त सर्वे

चयन प्रक्रिया में सबसे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भारत के सभी राज्यों के राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (NCRB) में उपलब्ध क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (CCTNS) डाटा के आधार पर देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों को चुना था। फिर ज़मीनी स्तर पर तीन चरणों में विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से गुप्त सर्वे कराया गया। सर्वे में आम जनता के बीच पुलिस की छवि के बारे में भी जानकारी हासिल की गई। वहीं, पुलिस थानों का रख-रखाव, अनुशासन, रिकार्ड प्रबंधन, पीड़ितों की संतुष्टि, शिकायतों के निराकरण का तरीका सहित बुनियादी सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, विजिटर्स के लिए बैठक व्यवस्था आदि की स्थिति भी देखी गई। सर्वे के दौरान थाने की कार्यप्रणाली के बारे में स्थानीय कारोबारियों, समाजसेवियों व शासकीय सेवकों सहित समाज के सभी वर्गों की राय भी ली गई।



खाकी के अंदर बसा रहमदिल इंसान, पुलिसिंग के अलावा समाजसेवा में भी सक्रिय 

बता दें कि SI मनोज त्रिपाठी को 19 जून 2020 को डिंडौरी के पूर्व SP मांगीलाल सोलंकी ने बिछिया चौकी का इंचार्ज बनाया था। तब से अब तक वह लगातार क्षेत्र में बेहतर तरीके से लॉ एंड ऑर्डर का पालन करा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुलिसिया कार्यवाही के अतिरिक्त सामाजिक दायित्वों का भी बखूबी निर्वहन किया है। कोरोना के भयावह दौर में उन्होंने क्षेत्रीय जनता के लिए उत्कृष्ट योगदान दिया और अनेक ज़रूरतमंदों की सेवा की। महामारी के कारण जनित लॉकडाउन और कोरोना कर्फ्यू के दौरान SI मनोज ज़रूरतमंद नागरिकों के घर जाकर खुद ही राशन सहित अन्य जरूरी सामग्रियां भी उपलब्ध करा चुके हैं।
Comments
Popular posts
Dindori Needs Railways | डिंडौरी को रेलवे लाइन से जोड़ने के लिए डिंडौरी डेवलपमेंट फेडरेशन ने SDM महेश मंडलोई को सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
Image
Dindori Collector Transfer | 14 साल में मिली थी कलेक्टरी, 08 महीने में ही छिन गई; नेहा मारव्या OUT, अंजू भदौरिया IN
Image
BIG UPDATE | डिंडौरी जिले के जागरूक सरकारी मुलाजिम ने नहीं चलने दी ट्राइबल असिस्टेंट कमिश्नर की मनमर्जी, हाई कोर्ट ने भी दिया साथ
Image
DDN UPDATE | देश में कोविड वैक्सीन की 100 करोड़ डोज़ लगने की खुशी में डिंडौरी भाजपा ने उत्कृष्ट विद्यालय केंद्र में हेल्थ वर्कर्स का किया सम्मान, जीवनरक्षक सेवाओंं के लिए जताया आभार
Image
DDN UPDATE | एक छत के नीचे एकजुट होकर डिंडौरी के पत्रकारों ने की आमसभा, पारदर्शिता के साथ 'जिला पत्रकार संघ' के पुनर्गठन पर बनी सहमति
Image