डीडीएन रिपोर्टर | डिंडौरी
26 नवंबर 2013 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की 13वीं बरसी पर शुक्रवार को डिंडौरी के भारत माता चौक पर युवाओं ने शहीद जवानों और आम नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजयुमो जिला महामंत्री हर्षवर्द्धन कटारे ने कहा कि 13 साल पहले समुद्री रास्ते से आए पाकिस्तान के 10 आंतकियों ने मुंबई में कायराना घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस, होटल ओबेरॉय, ट्राइडेंट कॉमा हॉस्पिटल, नरीमन हाउस सहित कई क्षेत्रों को बम और गोलीबारी से दहला दिया था। इसमें भारत के 22 जवानों सहित 165 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इनमें दो दर्जन से अधिक देशों के नागरिक शामिल थे। आज उन्हीं पुण्य आत्माओं को नमन करने का दिन है। श्रद्धांजलि सभा के दौरान आर्मी ट्रेनर आशुतोष कुमार दुबे, युवा मोर्चा कार्यकर्ता नमन इरपाची, अभय प्रधान, दीपक झरिया, लकी रैकवार, शशिकांत सिंह, आशीष बर्मन, धरम गवले, वंदना मरावी सहित दर्जनों युवाओं ने मोमबत्तियां जलाकर 26/11 के शहीदों को नम आंखों के साथ याद किया।