डीडीएन रिपोर्टर | डिंडौरी/बजाग/भोपाल
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बजाग ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश पटेरिया के निष्कासन पर शुक्रवार को रोक लगाकर उनके खिलाफ प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए समिति बनाई है। यह समिति डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम और कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला सहित युवा कांग्रेस पदाधिकारियों से चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेगी। साथ ही लोकेश पटेरिया का भी पक्ष सुना जाएगा। इसके बाद समिति अपना निर्णय देगी। समिति में पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया, बालाघाट कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष विश्वेश्वर भगत, पूर्व विधायक संजीव उइके और जिला प्रभारी कदीर सोनी शामिल हैं। बता दें कि युवा कांग्रेस जबलपुर के प्रभारी महासचिव से गाली-गलौच और पार्टी की नीतियों की अवहेलना के कारण 22 जुलाई को लोकेश को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया गया था। इस संबंध में उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने आधिकारिक पत्र भी जारी किया था।